जेल में बंद कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की तबीयत बिगड़ी, रायपुर में ऑपरेशन की तैयारी

रायपुर: बलौदाबाजार हिंसा मामले में जेल में बंद कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रायपुर के दाउ कल्याण सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी है।

पेट की मांसपेशी से जुड़ी बीमारी का इलाज

जानकारी के अनुसार, विधायक यादव को पेट की मांसपेशी से संबंधित बीमारी है। पहले उन्हें जांच के लिए अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया था, जहां रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें दाउ कल्याण अस्पताल रेफर किया। पांच दिन पहले भर्ती किए गए यादव की तबीयत गुरुवार को फिर बिगड़ने के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया गया।


17 अगस्त को हुई थी गिरफ्तारी, न्यायिक रिमांड पर जेल में बंद

भिलाई विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को 17 अगस्त 2024 को बलौदाबाजार हिंसा के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस पूछताछ और न्यायिक रिमांड के बाद उन्हें रायपुर सेंट्रल जेल में रखा गया। कांग्रेस ने उनकी गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश करार दिया है।

हिंसा भड़काने का आरोप

देवेंद्र यादव पर आरोप है कि उन्होंने बलौदाबाजार में सतनामी समाज के प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काई। प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने एसपी और कलेक्टर ऑफिस में आगजनी की, जिससे कई लोग घायल हुए और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए चार बार नोटिस भेजा था, लेकिन वह बयान देने नहीं गए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।



फिलहाल, विधायक देवेंद्र यादव को जमानत नहीं मिली है, और वह जेल में न्यायिक रिमांड पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!