बड़ी खबर: 28 से 30 सितंबर की बैंक हड़ताल टली, आज खुले रहेंगे बैंक

नई दिल्ली। देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद हड़ताल टालने पर सहमति बनी।

हड़ताल स्थगित होने के बाद सोमवार 28 सितंबर से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहने की उम्मीद है। इससे बैंक ग्राहकों को नकद लेन-देन, चेक, बैंक शाखा से जुड़े जरूरी कार्यों सहित अन्य सेवाओं के लिए राहत मिली है।

दरअसल, UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल का आह्वान किया था। यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना सहित कर्मचारियों से जुड़े अन्य मुद्दे शामिल थे। सरकार और बैंकिंग संगठनों के स्तर पर इन मांगों को लेकर बातचीत चल रही थी।

रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU के बीच हुई बैठक में लंबित मांगों पर आगे बातचीत के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी। यह समिति सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर समाधान की दिशा में काम करेगी। इसके बाद UFBU ने प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को स्थगित करने का फैसला लिया।

ग्राहकों के लिए राहत

हड़ताल टलने से 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की आशंका फिलहाल टल गई है। हालांकि, बैंक ग्राहकों को अपने संबंधित बैंक की स्थानीय सूचना पर भी नजर रखने की सलाह दी गई है।

बैंक हड़ताल स्थगित होने की खबर से देशभर के करोड़ों बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!