भारी बारिश के चलते 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश

रायपुर, 25 सितंबर 2026। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शनिवार, 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। अवकाश प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में लागू रहेगा।

लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति, नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर तथा आवागमन में परेशानी की आशंका बनी हुई है। ऐसे में स्कूली बच्चों को किसी भी प्रकार के जोखिम से बचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ मुंगेली के जिलाध्यक्ष दीपक वेंताल ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि खराब मौसम के बीच बच्चों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे समय में अवकाश का निर्णय बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों की सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों को घर पर ही रखें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील की गई है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों एवं सभी जिला कलेक्टरों को अवकाश के आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!