चिकित्सक एवं स्टाफ अनुशासित होकर मरीजों को सेवा प्रदान करें: कलेक्टर
निक्षय निरामय अभियान की समीक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश



मुंगेली,
कलेक्टर राहुल देव ने शुक्रवार शाम जिला चिकित्सालय में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की और चिकित्सकों व स्टाफ को अनुशासित और संवेदनशील होकर मरीजों की सेवा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से ही शासन की प्राथमिकता पूरी होती है।

कलेक्टर ने अनुबंध पर कार्यरत अनुपस्थित चिकित्सकों पर नाराजगी व्यक्त की और उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने निक्षय निरामय अभियान के तहत घर-घर जाकर टीबी, कुष्ठ रोग, मलेरिया और वृद्धजनों की बीमारियों की पहचान और उपचार पर जोर दिया। साथ ही आयुष्मान वय वंदना कार्ड के तहत वरिष्ठ नागरिकों का घर-घर जाकर कार्ड बनाने के निर्देश भी दिए।



पुलिस अधीक्षक ने अस्पतालों में सुरक्षा और साइबर अपराध पर की चर्चा
पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने अस्पतालों में सीसीटीवी की स्थिति का जायजा लिया और सीसीटीवी ऑडिट नियमित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों को लीगल प्रकरणों को गंभीरता से लेने की बात कही और साइबर अपराध से बचाव के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी।

औषधि भंडार शाखा का निरीक्षण, फार्मासिस्ट को हटाने के निर्देश
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने जिला चिकित्सालय के औषधि भंडार शाखा का निरीक्षण किया और स्टॉक पंजी में अनियमितता पाए जाने पर फार्मासिस्ट अरविंद राय को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल के लिए चयनित स्थल का निरीक्षण भी किया और अव्यवस्थित कार्यों के लिए सीजीएमएससी इंजीनियर को फटकार लगाई।



स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में उठाए कदम
बैठक में कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में सोनोग्राफी, एक्स-रे, लैब जांच और अन्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में विशेषज्ञों की पदस्थापना के लिए तत्काल प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर  जी.एल. यादव, सिविल सर्जन डॉ. एम.के. राय, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रविशंकर प्रसाद देवांगन समेत कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!