मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा ने जिला एवं सत्र न्यायालय मुंगेली का किया निरीक्षण



मुंगेली,
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा ने जिला एवं सत्र न्यायालय मुंगेली का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालय भवन, रिकार्ड रूम, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, और निर्माणाधीन सुविधाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने रिकार्ड रूम में रैक की उचित व्यवस्था करने, पार्किंग स्थान को बढ़ाने, और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में नियमित चिकित्सा अधिकारी की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिक चिकित्सा केंद्र को हाईजेनिक बनाने और उसके जीर्णोद्धार के साथ रिकार्ड रूम की गली को पुनः डिजाइन कर लाइब्रेरी कक्ष को बेहतर बनाने का सुझाव दिया।



मुख्य न्यायाधीश ने निर्माणाधीन नए बार रूम, नवनिर्मित लॉयर हॉल और टॉयलेट कॉम्प्लेक्स का भी अवलोकन किया। उन्होंने मालखाने में निराकरण हो चुकी संपत्तियों को विधिवत निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही, केन्द्रीय पंजीयन अनुभाग के छोटे आकार को देखते हुए विधिवत काउंटर व्यवस्था बनाने और सभी अनुभागों में जगह की कमी को दूर करने के लिए कदम उठाने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन पर संतोष व्यक्त किया गया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश चंद्रकुमार अज़गल्ले, कलेक्टर  राहुल देव, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ  प्रभाकर पांडेय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती रेशमा बैरागी पटेल सहित अन्य न्यायाधीश, अधिवक्ता, एसडीएम श्रीमती पार्वती पटेल और न्यायालय के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!