नगरीय निकाय चुनाव: कल सुबह 9 बजे से होगी मतगणना, सुरक्षा और तैयारियां पूर्ण,मुंगेली, लोरमी, पथरिया एवं सरगांव में होगी मतगणना




मुंगेली, 14 फरवरी 2025// राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल देव के मार्गदर्शन में नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं पार्षद पदों के लिए डाले गए मतों की गणना 15 फरवरी 2025 को प्रातः 9 बजे से शुरू होगी। मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिसमें सुरक्षा, चिकित्सा, बैठक व्यवस्था और विद्युत सुविधाएं शामिल हैं।

मतगणना स्थलों की व्यवस्था और सुरक्षा चाक-चौबं


जिला मुख्यालय स्थित शासकीय जिला ग्रंथालय में नगर पालिका मुंगेली, बी.आर.साव स्कूल के कक्ष क्रमांक 12 में नगर पंचायत जरहागांव और कक्ष क्रमांक 31 में नगर पंचायत बरेला की मतगणना होगी। इसके अलावा, स्वामी आत्मानंद स्कूल लोरमी, सांस्कृतिक भवन पथरिया और स्वामी आत्मानंद स्कूल सरगांव में भी मतगणना की जाएगी। पुलिस अधीक्षक  भोजराम पटेल ने बताया कि मतगणना स्थलों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और केवल पासधारकों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी।

मतगणना पर्यवेक्षकों और सहायकों को दिया गया गहन प्रशिक्षण


जिला कलेक्टोरेट के जनदर्शन कक्ष में मतगणना पर्यवेक्षकों और सहायकों को निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना के लिए गहन प्रशिक्षण दिया गया। राज्य निर्वाचन आयोग के सामान्य प्रेक्षक  रामप्रसाद चौहान ने प्रशिक्षण के महत्व पर जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान मतगणना प्रक्रिया, ईवीएम से मतगणना, निर्वाचन कर्तव्य मतपत्र की गणना, और विभिन्न प्रपत्रों को भरने की विधियों को विस्तारपूर्वक समझाया गया।

ईडीबी की गिनती के लिए अलग टेबल की व्यवस्था


उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेनका प्रधान ने बताया कि ईडीबी (इलेक्ट्रॉनिक डेटा बेस) की गिनती के लिए विशेष टेबल की व्यवस्था की गई है। मतगणना कार्य को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व


कलेक्टर  राहुल देव ने संबंधित अधिकारियों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतगणना के लिए जिम्मेदारियां सौंपी हैं और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए हैं। मतगणना के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाएगी।

मतगणना के बाद तुरंत घोषित होंगे परिणाम


मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा तुरंत की जाएगी। प्रत्याशी और उनके समर्थक भी परिणाम जानने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों ने निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!