ग्राम चकरभाठा बना उप तहसील, 62 गांवों के लोगों को मिलेगी सुविधा



प्रशासनिक कार्य होंगे आसान, राजस्व सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध

मुंगेली, 28 फरवरी 2025// मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव की मंशानुसार जिले में प्रशासनिक सेवाओं को सरल और सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कलेक्टर राहुल देव ने ग्राम चकरभाठा को उप तहसील घोषित किया है, जिससे 29 ग्राम पंचायतों के 62 गांवों के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

अब नहीं जाना होगा जिला मुख्यालय

इस फैसले के बाद ग्रामीणों को नामांतरण, भू-अधिकार पत्र, विभाजन, खसरा-खतौनी एवं अन्य राजस्व कार्यों के लिए जिला मुख्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि आर्थिक रूप से भी लोगों को राहत मिलेगी।

प्रशासनिक कार्य होंगे तेज

कलेक्टर ने एसडीएम मुंगेली को निर्देश दिए हैं कि चकरभाठा में उप तहसील के संचालन के लिए उपलब्ध अमलों से अस्थायी व्यवस्था कर जल्द से जल्द काम शुरू किया जाए। इस उप तहसील के अंतर्गत पटवारी हल्का नंबर 29, 30, 31, 32, 33, 35, 36, 37, 38, 39 और 40 को शामिल किया गया है। इसमें आरआई सर्किल टेमरी के 10 पटवारी हल्के और आरआई सर्किल मुंगेली ग्रामीण का 01 पटवारी हल्का जोड़ा गया है।

ग्रामीणों को मिलेगी राहत

ग्राम चकरभाठा को उप तहसील बनाए जाने से किसानों और निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। भू-अधिकार पत्र, नामांतरण, विभाजन, खसरा-खतौनी जैसी सुविधाएं अब स्थानीय स्तर पर ही मिलेंगी। साथ ही राजस्व मामलों की सुनवाई भी उप तहसील में ही होगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।

विधायक पुन्नूलाल मोहले के प्रयासों से मिली मंजूरी

ग्राम चकरभाठा को उप तहसील बनाने की मंजूरी मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले के विशेष प्रयासों से मिली। उनके लगातार प्रयासों से यह फैसला लिया गया, जिससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!