
शालेय शिक्षक संघ ने तहसीलदार के नाम जनगणना प्रकोष्ठ प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
मुंगेली। जनगणना कार्य के दौरान ग्रीष्मकालीन अवकाश में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को शासन के नियमानुसार अर्जित अवकाश (ईएल) प्रदान करने की मांग को लेकर शालेय शिक्षक संघ, जिला मुंगेली ने गुरुवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार के नाम जनगणना प्रकोष्ठ प्रभारी संजय शुक्ला को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में संघ ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना, मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं अन्य शासकीय कार्यों में लगाई जाती है। नियमों के अनुसार अवकाश के दौरान किए गए ऐसे कार्यों के बदले प्रति दिवस अर्जित अवकाश दिया जाना चाहिए, लेकिन मुंगेली जिले के किसी भी विकासखंड में अब तक जनगणना कार्य करने वाले शिक्षकों को इसका लाभ नहीं मिला है, जिससे शिक्षकों में नाराजगी है।
जिलाध्यक्ष दीपक वेताल ने मांग की कि जनगणना कार्य में लगे सभी शिक्षकों की ड्यूटी अवधि का आकलन कर शीघ्र अर्जित अवकाश स्वीकृत किया जाए तथा इसकी प्रविष्टि एचआरएमएस पोर्टल अथवा सेवा पुस्तिका में दर्ज की जाए। जिला सचिव नेमीचंद भास्कर ने कहा कि शिक्षक शासन के प्रत्येक महत्वपूर्ण कार्य को पूरी जिम्मेदारी से निभाते हैं, इसलिए उन्हें नियमानुसार मिलने वाला अर्जित अवकाश भी समय पर दिया जाना चाहिए।
ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश देवांगन ने कहा कि शिक्षकों ने भीषण गर्मी में भी जनगणना कार्य को समय सीमा से पहले पूरा कर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया है। वहीं जनगणना प्रकोष्ठ प्रभारी संजय शुक्ला ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दीपक वेताल, नेमीचंद भास्कर, दुर्गेश देवांगन, विवेक गोविंद, मनीष जायसवाल, धर्मेश पटेल, संजय देवांगन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
टैग्स:


