मुंगेली को बजट में मिली विकास की सौगात, स्वास्थ्य, खेल और शिक्षा क्षेत्र को मजबूती

जरहागांव में सीएचसी भवन निर्माण, बहुउद्देश्यीय स्टेडियम और कृषि महाविद्यालय की स्थापना से जिले को मिलेगा विकास का नया आयाम

मुंगेली, 04 मार्च 2025// मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट विधानसभा में प्रस्तुत किया। वित्त मंत्री  ओ. पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत इस बजट में मुंगेली जिले को कई विकास कार्यों की सौगात मिली है। इस बजट में स्वास्थ्य, खेल, शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिससे नागरिकों, सरकारी कर्मचारियों और खिलाड़ियों में हर्ष व्याप्त है।

जरहागांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को स्थायी भवन की सौगात

मुंगेली जिले के जरहागांव नगर पंचायत में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के लिए सरकार ने स्थायी भवन निर्माण की घोषणा की है। वर्तमान में यह स्वास्थ्य केंद्र किराए के भवन में संचालित होता है, जिससे मरीजों और चिकित्सकों को काफी असुविधा होती थी। इस घोषणा से जरहागांव और आसपास के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

नगर पंचायत जरहागांव की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती रूपाली वेदप्रकाश कश्यप ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा, “वर्तमान में सीएचसी के पास अपना स्थायी भवन नहीं होने के कारण मरीजों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब नए भवन के निर्माण से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और मरीजों को राहत मिलेगी।”

शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को 53 प्रतिशत डीए बढ़ोतरी का तोहफा

राज्य सरकार ने अपने शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 53 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह निर्णय सरकारी कर्मचारियों को महंगाई के प्रभाव से राहत देगा और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करेगा।

जिला कलेक्टोरेट के अधीक्षक श्री अशोक सोनी ने इस फैसले पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा, “सरकार का यह निर्णय कर्मचारियों को बड़ी राहत देगा। मार्च माह का वेतन, जो अप्रैल में मिलेगा, वह बढ़े हुए डीए के साथ आएगा। यह कदम अधिकारियों और कर्मचारियों को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।”

मुंगेली को मिला बहुउद्देश्यीय स्टेडियम, खिलाड़ियों में उत्साह

बजट में मुंगेली जिले के खिलाड़ियों को भी बड़ी सौगात मिली है। जिले में बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

क्रिकेट खिलाड़ी वत्स सिंह परिहार ने कहा, “खेल किसी भी व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी और उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा।”

सॉफ्टबॉल खिलाड़ी कु. किरण ने भी इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा, “मुंगेली में एक अच्छा स्टेडियम नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए दूसरे जिलों में जाना पड़ता था। अब इस नए स्टेडियम के निर्माण से हमें स्थानीय स्तर पर ही बेहतरीन प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का अवसर मिलेगा। हम इसके लिए राज्य सरकार का आभार प्रकट करते हैं।”

कृषि शिक्षा को मजबूती: कृषि महाविद्यालय स्थापना के लिए 5 करोड़ का प्रावधान

बजट में जिले की कृषि शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए भवानी साव रामलाल साव कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय परिसर में नवीन शासकीय कृषि महाविद्यालय की स्थापना के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

इसके अलावा, कृषि विभाग के तहत उप संचालक कृषि एवं अनुविभागीय कृषि अधिकारी कार्यालय मुंगेली के भवन निर्माण के लिए भी बजट में राशि स्वीकृत की गई है। इससे जिले में कृषि संबंधी अनुसंधान, प्रशिक्षण और किसानों के लिए सुविधाएं बेहतर होंगी।

बजट में जिले के समग्र विकास पर जोर

इस बजट में मुंगेली जिले के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और प्रशासनिक सुविधाओं में सुधार से जिले की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी। सरकार की इन योजनाओं से मुंगेली के विकास को एक नई दिशा मिलेगी और जिले के निवासियों का जीवन स्तर ऊंचा उठेगा।

नागरिकों ने इस बजट को विकासोन्मुखी बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि ये योजनाएं जल्द ही धरातल पर उतरेंगी, जिससे मुंगेली जिले की प्रगति को और गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!