ब्रेकिंग न्यूज

निरस्त राशन कार्डों पर भड़के कांग्रेस पार्षद, 15 दिन में समाधान नहीं तो एसडीएम कार्यालय का होगा घेराव

चार माह के चावल से वंचित होंगे गरीब हितग्राही!

पथरिया। नगर पंचायत पथरिया में निरस्त राशन कार्डों का मामला एक बार फिर तूल पकड़ने लगा है। बिना समुचित सूचना एवं भौतिक सत्यापन के सैकड़ों राशन कार्ड निरस्त किए जाने से गरीब एवं जरूरतमंद परिवार कई महीनों से राशन से वंचित हैं। वहीं अगस्त माह में तीन माह का राशन एक साथ वितरित किए जाने की तैयारी ने प्रभावित हितग्राहियों की चिंता और बढ़ा दी है। कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि यदि निरस्त राशन कार्डों को समय रहते पुनः चालू नहीं किया गया तो प्रभावित परिवार कुल चार माह के खाद्यान्न से वंचित हो जाएंगे।

सोमवार को वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद दीपक साहू एवं नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि ओंकार यादव के नेतृत्व में नगरवासियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर निरस्त राशन कार्डों का तत्काल भौतिक सत्यापन कराने, उन्हें पुनः प्रारंभ करने तथा लंबित राशन का लाभ दिलाने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि नगर पंचायत पथरिया में कुल 2,091 राशन कार्ड संचालित हैं। शासन स्तर से 433 राशन कार्डों की संदिग्ध सूची प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर अनेक राशन कार्ड निरस्त कर दिए गए तथा सैकड़ों हितग्राहियों के नाम राशन कार्डों से हटा दिए गए। इससे पहले भी बिना सूचना राशन कार्ड निरस्त किए जाने एवं परिवार के सदस्यों के नाम काटे जाने का मामला चर्चा में रहा था। प्रभावित परिवार लगातार राशन दुकानों और सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिल सकी है।

कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि शासन द्वारा अगस्त माह में अगस्त, सितंबर एवं अक्टूबर का तीन माह का राशन एक साथ वितरित किया जाना प्रस्तावित है। लेकिन जिन परिवारों के राशन कार्ड मई माह से निरस्त हैं, उन्हें पूर्व में छूटा हुआ राशन भी नहीं मिल पाएगा। ऐसे में वे लगातार चार माह के खाद्यान्न से वंचित रह जाएंगे, जिसका सीधा असर गरीब एवं मजदूर परिवारों के जीवन-यापन पर पड़ेगा।

पार्षद दीपक साहू ने आरोप लगाया कि बिना उचित जांच एवं नोटिस के गरीब परिवारों का राशन बंद कर दिया गया। कई पात्र हितग्राहियों को आज भी राशन नहीं मिल रहा है। उन्होंने सभी निरस्त राशन कार्डों का शीघ्र भौतिक सत्यापन कर पुनः चालू करने, लंबित राशन का वितरण सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि ओंकार यादव ने प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नगरवासियों के साथ एसडीएम कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि ओंकार यादव, पार्षद दीपक साहू, जनपद प्रतिनिधि युगल वर्मा, रामखेलावन यादव, दीपक पाली, संतु मनहर, नारायण यादव, सरजू साहू, योगेंद्र यादव, सोमनाथ, दुर्गेश सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं पीड़ित हितग्राही उपस्थित रहे।

प्रशासन का पक्ष

रेखा चंद्रा, एसडीएम पथरिया ने बताया कि जिला खाद्य शाखा को समस्या के शीघ्र निराकरण के लिए पत्र भेज दिया गया है। प्रदेश स्तर पर निरस्त राशन कार्डों को पुनः बहाल (रिस्टोर) करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!