ब्रेकिंग न्यूज

तखतपुर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सड़क हादसे के मामले में गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

मुंगेली, 3 अगस्त। ग्राम बरेला में हुए सड़क हादसे के मामले में मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तखतपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को ग्राम बरेला मुख्य मार्ग पर स्कोडा कार (क्रमांक CG 15 DN 3866), जिस पर “CMO (UAD) CG Government” अंकित था, ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

मामले में थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 110/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) एवं 105 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर दुर्घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किया गया तथा 3 अगस्त को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में थाना जरहागांव की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें उपनिरीक्षक शोभा यादव, प्रधान आरक्षक नवीन कुमार जांगड़े, सहायक उपनिरीक्षक लखीराम नेताम, आरक्षक उमेश सोनवानी एवं आरक्षक रामचंद्र जोशी शामिल रहे।

मुंगेली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा सड़क पर किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें, जिससे दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!