ब्रेकिंग न्यूज

सड़क हादसे में घायल हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, हालत खतरे से बाहर

जगदलपुर/झांसी। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधानसभा से विधायक किरण सिंह देव बुधवार दोपहर उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में सड़क हादसे में घायल हो गए। यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-44 पर तालबेहट के पास उस समय हुई, जब उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।

हादसे के तुरंत बाद किरण सिंह देव को झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी कमर में गंभीर चोट आई है, जिसके कारण उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर परिवार के साथ बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गए थे। लौटते समय यह हादसा हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें डीएम और एसएसपी भी शामिल हैं, मेडिकल कॉलेज पहुंचे। भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जानने पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय वाहन की गति लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है।

किरण सिंह देव के साथ वाहन में उनका पीएसओ भी मौजूद था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे। पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। वहीं, उनके करीबी सूत्रों ने बताया कि उनकी स्थिति स्थिर है और किसी गंभीर खतरे की आशंका नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!