ब्रेकिंग न्यूज

मुंगेली पुलिस को लूट के आरोपियों को पकड़ने में मिली बड़ी सफलता

मुंगेली, 26 मार्च 2025

मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में लोरमी पुलिस ने लूट के आरोपियों को 24 घंटे के भीतर पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घटना का विवरण:

दिनांक 24 मार्च 2025 को दोपहर 3 बजे पीड़ित नाबालिग बालक ग्राम मसनी से सामान लेने दुकान जा रहा था। इसी दौरान तेलियापुरान की ओर से आ रही एक भूरा-काले रंग की स्कूटी पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोककर पैजनिया जाने का रास्ता पूछा। रास्ता बताने के बाद उनमें से एक व्यक्ति उतरकर दूसरी ओर गया और फिर वापस आकर बालक के दोनों हाथ पकड़कर पीछे मोड़ दिए।

इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर नाबालिग के गले पर अड़ा दिया, जबकि दूसरे ने उसकी जेब से सैमसंग कंपनी का मोबाइल और 2000 रुपये नगद जबरदस्ती छीन लिए। लूट के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई:

घटना की सूचना मिलते ही लोरमी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। पीड़ित बालक की रिपोर्ट पर अज्ञात स्कूटी सवार तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 133/25, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी लोरमी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश शुरू की गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर बिलासपुर में घेराबंदी कर एक आरोपी मोनु यादव (18 वर्ष) और दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

जब्त सामान:

  • आरोपी मोनु यादव से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद
  • दो विधि से संघर्षरत बालकों से 1500 रुपये नगद और सैमसंग मोबाइल (कीमत 10,000 रुपये) बरामद
  • घटना में प्रयुक्त स्कूटी (नंबर CG 10 BQ 8071, कीमत 85,000 रुपये) जब्त

कुल बरामदगी: ₹96,500

टीम की सराहनीय भूमिका:

इस कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश वैष्णव (थाना प्रभारी लोरमी), सउनि लखीराम नेताम, सउनि निर्मल घोष, प्र.आर. नरेश यादव, शेष नारायण कश्यप, रवि जांगड़े, आरक्षक पवन गंधर्व, रेखराम नेताम, कवि टोप्पो, दिलेश्वर साहू, धनंजय यादव और राम कश्यप की अहम भूमिका रही।

मुंगेली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों पर कड़ा शिकंजा कसने में मदद मिली है और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!