मुंगेली में शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मिली नई दिशा



कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कन्या महाविद्यालय और एस.टी.पी. निर्माण के लिए भूमि आबंटित की

मुंगेली, 08 मई 2025 – मुंगेली जिले के विकास को नई गति देते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने दो अहम परियोजनाओं के लिए भूमि आबंटन किया है। इनमें एक ओर जहां नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय को स्थायी भूमि सौंपी गई है, वहीं दूसरी ओर नगर के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एस.टी.पी.) निर्माण हेतु भूमि चिन्हित की गई है।

कन्या महाविद्यालय को मिली स्थायी भूमि

जिले की बालिका शिक्षा को मजबूती देने के उद्देश्य से कलेक्टर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र 4(1) के अंतर्गत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय मुंगेली के लिए 5 एकड़ शासकीय भूमि उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन रायपुर को हस्तांतरित की है।
यह भूमि खसरा नंबर 177 (शा.183), 178, 184 एवं 186 में से चयनित की गई है, जो कि पटवारी हल्का नंबर 18, रा.नि.मं. मुंगेली शहरी, तहसील मुंगेली क्षेत्र के अंतर्गत एस.एन.जी. महाविद्यालय के पास स्थित है। इस पहल से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु स्थायी आधारभूत सुविधा मिल सकेगी।

एस.टी.पी. निर्माण के लिए भूमि आबंटित

शहरी स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कलेक्टर ने नगरपालिका परिषद मुंगेली के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण हेतु भूमि आबंटित की है। यह भूमि परमहंस वार्ड, रेहुंटाखार क्षेत्र में भू-मापन क्रमांक 983 में चिन्हित की गई है।
कुल 6.096 हेक्टेयर शासकीय भूमि में से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु पूर्व आबंटित हिस्से को छोड़कर शेष भूमि एस.टी.पी. के लिए सुरक्षित की गई है। इससे मुंगेली की जल-निकासी प्रणाली में व्यापक सुधार होगा और नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!