
राष्ट्रीय राजमार्ग क्र. 130 ए के अंतर्गत बिलासपुर-तखतपुर-मुंगेली-पंडरिया-पोड़ी मार्ग पर स्थित मुंगेली नगर की पुलिया (च. 52.110) जो हाल ही में ध्वस्त हो गई थी, उसके पुनर्निर्माण की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने जा रही है। यह जानकारी लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग परिषद, रायपुर द्वारा दी गई है।


इसमें नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला द्वारा भेजे गए पत्र का बड़ा असर देखा गया है। उन्होंने लगातार लोगों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए यह मांग उठाई थी। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही थीं, जिससे आमजन व स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच कर हुई चर्चा
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया और चर्चा की। दो दिन के भीतर कार्य प्रारंभ करने की जानकारी दी गई है।

इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि सत्तू सिंह ठाकुर एवं पार्षद कुलदीप पाटले भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर समस्या का त्वरित समाधान निकालने पर जोर दिया।

अब उक्त स्थान पर 1200 एमएम आकार की नई ह्यूम पाइप पुलिया का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य के लिए 6.95 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। निर्माण कार्य तखतपुर, मुंगेली और पंडरिया क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।



