अतिशेष शिक्षकों की गणना में अनियमितता को लेकर शिक्षक संघ सक्रिय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मुंगेली। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा चल रही युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया पर शिक्षक साझा मंच जिला मुंगेली लगातार अपनी आपत्ति दर्ज करवा रहा है। इसी क्रम में मंच ने कलेक्टर मुंगेली को ज्ञापन सौंपा और अब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के मुंगेली प्रवास के दौरान भी अपनी बात रखी।



उपमुख्यमंत्री के मुंगेली दौरे के दौरान बड़ा बाज़ार स्थित राजेंद्र वैष्णव के निवास में शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात कर युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया में हो रही अनियमितताओं को विस्तार से बताया और ज्ञापन सौंपा।



संघ ने बताया कि जिले में शिक्षकों की अतिशेष सूची शासन के निर्देशानुसार 31 मार्च 2025 की दर्ज संख्या के आधार पर नहीं बनाई जा रही है, बल्कि अनुपस्थित छात्रों को घटाकर गणना की जा रही है, जो कि गलत है।

प्रतिनिधियों ने मांग की कि अंतिम सूची जारी करने से पहले अंतरिम सूची प्रकाशित कर दावा-आपत्ति का अवसर दिया जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने आग्रह किया कि आयुष्मान कार्ड निर्माण की अवधि के लिए अर्जित अवकाश की अनुमति दी जाए और सेवा निवृत्ति की कगार पर पहुंचे शिक्षकों के पद रिक्त मानकर कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षकों की अनावश्यक परेशानी रोकी जा सके।

इस मौके पर संजय उपाध्याय, दीपक वेंताल, बलराज सिंह, दिनेश निर्मलकर, उमेश साहू, जिला राम यादव, खूबचंद सिंह क्षत्रिय, अमिताभ शर्मा सहित अनेक शिक्षक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!