
पथरिया। प्रदेश में बिजली दरों की लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान जनता के पक्ष में अब युवा कांग्रेस बड़ा आंदोलन करने जा रही है। कल गुरुवार, 06 नवंबर को युवा कांग्रेस के नेतृत्व में नगर पंचायत पथरिया में एसडीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसमें प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा और कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम कल दोपहर 12:00 बजे, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास से विशाल जन-रैली के रूप में शुरू होगा, जो नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय तक पहुँचेगी, जहाँ अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा तथा बढ़े हुए बिजली बिलों पर तगड़ा विरोध दर्ज कराया जाएगा।
युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस सरकार के समय लागू ‘बिजली बिल हाफ योजना’ से आम जनता को राहत मिली थी, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद न केवल यह योजना बंद कर दी गई, बल्कि बिजली दरों में दोगुनी बढ़ोतरी कर दी गई।
जहाँ एक परिवार का बिल पहले ₹200-₹300 आता था, वहीं अब वही बिल ₹1200 से ₹1500 तक पहुँच चुका है।
जनता इसे सीधी जेब पर हमला मान रही है।
इसके अतिरिक्त सबसे गंभीर आरोप यह है कि पथरिया क्षेत्र के एक शासकीय स्कूल के परिसर में शराब माफियाओं द्वारा शराब बनाने की सामग्री पकड़ी गई, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई नहीं हुई।
युवा कांग्रेस का कहना है कि “स्कूल बच्चों की शिक्षा का स्थान है, शराब माफियाओं का अड्डा नहीं!”
इस मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने प्रशासन की चुप्पी और लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
“अब जवाब देना पड़ेगा — जनता जाग चुकी है”
“यह सिर्फ विरोध नहीं — जनता के अधिकार की लड़ाई है”
युवा कांग्रेस ने कहा —
“रोशनी हर घर का हक है, महँगाई के नाम पर जनता को अंधेरे में धकेलने नहीं देंगे। अगर सरकार नहीं चेती तो आंदोलन और तेज़ होगा।”
बिल लेकर पहुँचे जनता — मौके पर होगा समाधान
युवा कांग्रेस ने विशेष अपील जारी की है कि जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल अत्यधिक बढ़े हुए हैं, वे अपना बिल साथ लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे।
मौके पर ही बिल निराकरण का प्रयास किया जाएगा।


