महंगी बिजली, राशि गबन और स्कूल में शराब अड्डे के विरोध में युवा कांग्रेस का एसडीएम कार्यालय घेराव

पथरिया। महंगी बिजली, सुशासन तिहार कार्यक्रम में हुई कथित राशि गबन और शासकीय विद्यालय परिसर में शराब माफियाओं की गतिविधियों के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के आह्वान पर पथरिया में वृहद प्रदर्शन किया गया। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं और कांग्रेस पदाधिकारियों ने रैली निकालते हुए नारेबाजी के साथ एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। इससे पूर्व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सभा का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण से हुई।


सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार सुशासन की बात करती है, जबकि जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार और अनियमितताएं बढ़ रही हैं। सुशासन तिहार के दौरान सार्वजनिक राशि के गवन की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई गई। वहीं, बिल्हा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि से जनता आर्थिक रूप से त्रस्त है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर मौन है।


युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश छैदइया ने कहा कि युवा कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरी है और अन्याय व भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस एवं जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर ने शासकीय विद्यालय परिसर में शराब बरामदगी के मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि बच्चों के शिक्षा संस्थान को शराब माफियाओं का अड्डा बनने देना प्रशासन की लापरवाही दर्शाता है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


एसडीएम कार्यालय पहुंचने पर भारी पुलिस बल तैनात था, बावजूद इसके उत्साहित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के बीच बैरिकेड तोड़ते हुए मुख्य द्वार तक मार्च किया, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई।

कार्यक्रम का संचालन नगर पार्षद दीपक साहू ने किया तथा आभार युवा कांग्रेस पथरिया अध्यक्ष राहुल राजपूत ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव खुशबू वैष्णव, प्रदेश सचिव लक्ष्मीकांत भास्कर, बिलासपुर जिला अध्यक्ष राजू यादव, विधानसभा अध्यक्ष लोरमी आकाश वैष्णव, विधानसभा अध्यक्ष बिल्हा सुनील साहू, अशोक जायसवाल, करण ठाकुर, पुखराज बंजारे, दिलीप साहू, मनीष साहू समेत बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता, कांग्रेस पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!