
मुंगेली/लोरमी, 26 मार्च 2026।
भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही एसीबी बिलासपुर ने गुरुवार को मुंगेली जिले में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज के रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपियों ने एक प्रकरण में जल्द चालान पेश करने और जप्त वाहन को छोड़ने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव ने एसीबी से शिकायत की थी। दिसंबर 2025 में एयर गन के साथ बनाई गई एक रील वायरल होने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए वाहन जप्त कर लिया था और संबंधित लोगों को करीब 18 दिन जेल में रहना पड़ा। जेल से छूटने के बाद जब प्रकरण में जल्द चालान पेश कराने और वाहन छुड़ाने के लिए संपर्क किया गया, तब 70 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने सुनियोजित ट्रैप बिछाया। प्रार्थी को कोटा स्थित मित्र मिलन रेस्टोरेंट में आरोपियों को पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपये देने भेजा गया। जैसे ही रकम सौंपी गई, एसीबी टीम ने डिप्टी रेंजर को मौके पर ही धर दबोचा। कार्रवाई के दौरान रेंजर की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई और उसकी संलिप्तता सामने आई।
टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है। डिप्टी रेंजर के खिलाफ धारा 7 तथा रेंजर के खिलाफ धारा 7 और 12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में एसीबी बिलासपुर की यह 45वीं ट्रैप कार्रवाई है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से भ्रष्ट अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तत्काल इसकी सूचना दें, ताकि सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


