
मुंगेली।
प्रदेश स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसी कड़ी में जिला से लेकर बूथ और मंडल स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में सक्रियता बढ़ाई गई है। संगठन विस्तार के तहत जिला कांग्रेस कमेटी ने हाल ही में पदाधिकारियों की नई सूची जारी की है।
जारी सूची में जिले के सभी ब्लॉकों से कार्यकर्ताओं को मौका दिया गया है। मुंगेली, बिल्हा और लोरमी विधानसभा क्षेत्रों में वरिष्ठ कांग्रेसियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का प्रयास किया गया है। विभिन्न पदों पर अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को स्थान मिलने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सूची जारी होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई कार्यकर्ता एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
नई सूची में अभिलाष सिंह, उमेश सोनी, एजाज खोखर सहित कई ऐसे नाम शामिल हैं, जिन्हें उनके पूर्व कार्यों के आधार पर पुनः जिम्मेदारी दी गई है। वहीं महिलाओं को भी संगठन में स्थान दिया गया है, जिसमें मंजू शर्मा, खुशबू वैष्णव सहित अन्य नाम शामिल हैं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। बूथ स्तर तक मजबूती ही आगामी चुनावों में सफलता का आधार बनेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा कार्यकर्ताओं की पार्टी रही है और मेहनत करने वालों को उचित सम्मान व जिम्मेदारी दी जाती है। सभी पदाधिकारियों से क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनसमस्याओं को उठाने और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने की अपील की गई। इस पहल को आगामी चुनावों की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है।


