
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए स्कूलों के पुनः खुलने की निर्धारित तिथि में बदलाव किया जा सकता है। इस संबंध में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने संकेत दिए हैं कि छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सरकार स्कूल खुलने की तारीख आगे बढ़ाने पर विचार कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में कई जिलों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में अभिभावकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भी स्कूल खोलने की तिथि आगे बढ़ाने की मांग की जा रही है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मौसम की परिस्थितियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। यदि गर्मी का प्रकोप इसी तरह बना रहा तो 16 जून से स्कूल खोलने के निर्णय पर पुनर्विचार किया जा सकता है। उन्होंने संकेत दिए कि आवश्यकता पड़ने पर स्कूल जुलाई माह में खोले जा सकते हैं।
हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। अंतिम निर्णय मौसम विभाग की रिपोर्ट और प्रशासनिक समीक्षा के बाद लिया जाएगा।
प्रदेशभर के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की नजर अब राज्य सरकार के अगले निर्णय पर टिकी हुई है। स्कूल शिक्षा विभाग जल्द ही इस विषय में स्पष्ट निर्देश जारी कर सकता है।


