
कोरिया। ग्राम नोगई, थाना सोनहत, जिला कोरिया में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड को लेकर श्री राजपूत करणी सेना (छत्तीसगढ़) ने मुख्यमंत्री, जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

संगठन ने ज्ञापन में कहा है कि घटना में तीन लोगों की दर्दनाक मृत्यु हुई है तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। ज्ञापन के अनुसार, घटना सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिए जाने का आरोप लगाया गया है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, सीबीआई जांच तथा संबंधित आरोपियों का नार्को टेस्ट कराने की मांग की है।
श्री राजपूत करणी सेना का कहना है कि इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है। संगठन ने प्रशासन से निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिलना चाहिए।
ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं हुई, तो संगठन प्रदेशव्यापी उग्र जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा। संगठन ने शासन-प्रशासन से कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।


