
करगीरोड-कोटा। ग्राम करगीकला के होनहार युवा शेशव मिश्रा ने ऑल इंडिया चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और परिजन सहित ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
शेशव मिश्रा, धीरेन्द्र कुमार मिश्रा एवं प्रीति मिश्रा के पुत्र हैं। उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सबसे प्रतिष्ठित एवं चुनौतीपूर्ण पेशेवर परीक्षाओं में शामिल चार्टर्ड अकाउंटेंट परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। यह उपलब्धि वर्षों की निरंतर मेहनत, समर्पण और धैर्य का परिणाम मानी जाती है।
शेशव की प्रारंभिक शिक्षा महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक प्रतिष्ठित विद्यालय एवं महाविद्यालय से हुई। छात्र जीवन से ही वे मेधावी, अनुशासित और अध्ययनशील रहे हैं। अपनी लगन और अथक प्रयासों के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल कर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
शेशव मिश्रा की सफलता पर उनके परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों, ग्रामवासियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी उच्च शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।


