निवेश के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का आरोप, मृतक की पत्नी ने एसपी से की कार्रवाई की मांग

मुंगेली। गांधी वार्ड मुंगेली निवासी सुनीता देवांगन ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर ऋषि देवांगन, अरुण बंजारे एवं नीलू यादव पर उनके दिवंगत पति अजय देवांगन के साथ निवेश के नाम पर कथित धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीनों ने अधिक लाभ का झांसा देकर लाखों रुपये निवेश करवाए और बाद में राशि वापस नहीं की।

कृषि देवांगन

शिकायत के अनुसार फरवरी 2026 में मुंगेली के एक रेस्टोरेंट में आयोजित बैठक में ऋषि देवांगन और अरुण बंजारे द्वारा एक निवेश योजना की जानकारी दी गई थी। योजना में दावा किया गया था कि निवेश की गई राशि कुछ ही महीनों में दोगुनी-तिगुनी हो जाएगी। इसी भरोसे में अजय देवांगन ने करीब चार लाख रुपये निवेश किए थे। शिकायतकर्ता का कहना है कि राशि नकद एवं बैंक खाते के माध्यम से दी गई थी, जिसके दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं।

अरुण बंजारे

सुनीता देवांगन ने आरोप लगाया है कि बाद में ऋषि देवांगन, अरुण बंजारे और नीलू यादव द्वारा लगातार और अधिक निवेश करने के लिए दबाव बनाया गया। जब उनके पति ने जमा राशि वापस मांगनी शुरू की तो उन्हें विभिन्न बहाने बनाकर टाल दिया गया। शिकायत में कहा गया है कि बाद में फोन कॉल और संदेशों का जवाब देना भी बंद कर दिया गया।

नीलू यादव

आवेदन में उल्लेख है कि रकम वापस नहीं मिलने से अजय देवांगन गहरे मानसिक तनाव में रहने लगे थे। उन्होंने अपने मित्रों और परिचितों को भी इस संबंध में जानकारी दी थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि लगातार तनाव के चलते उनकी तबीयत बिगड़ती गई और जून माह में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि अन्य लोगों ने भी उक्त निवेश योजना में पैसा लगाया था और उन्हें भी इसी प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ा। शिकायतकर्ता ने मामले की विस्तृत जांच कर आरोपितों के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में कार्रवाई करने तथा निवेशकों की राशि वापस दिलाने की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रस्तुत आवेदन के आधार पर मामले की जांच की मांग की गई है। फिलहाल आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!