तखतपुर-बरेला के भाजपा कार्यकर्ता नाराज, कीचड़ भरे रास्ते से होगा मंत्री का स्वागत!

मुंगेली। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के स्वागत को लेकर बिलासपुर से मुंगेली तक भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। लंबे समय से लंबित कटघोरा डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति दिलाने में उनकी भूमिका को लेकर जगह-जगह स्वागत मंच और अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


लेकिन इस उत्साह के बीच जिला प्रशासन की तैयारियों पर सवाल भी उठने लगे हैं। तखतपुर से मुंगेली की ओर आने वाले मार्ग पर, विशेषकर मनियारी नदी पुल पार कर बरेला नगर पंचायत की सीमा में प्रवेश करते ही सड़क की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह कीचड़ और पानी भरा हुआ है। बरेला बिजली कार्यालय तक सड़क दलदल जैसी बनी हुई है, जिससे वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो रहा है।


स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिस मंत्री के स्वागत में भव्य मंच सजाए जा रहे हैं, उसी मंत्री का काफिला कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरेगा। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की सफाई और मरम्मत नहीं हुई तो यह स्वागत से अधिक प्रशासन की लापरवाही की तस्वीर पेश करेगा।


कार्यकर्ताओं में भी इस बात को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि स्वागत की तैयारियां मंचों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि मंत्री के आगमन मार्ग को भी सम्मानजनक बनाया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!