मुंगेली। जिले की पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नई शुरुआत करते हुए समाचार पत्र ‘भास्कर पथ’ के प्रथम संस्करण का विमोचन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। उनके जन्मदिवस के अवसर पर मुंगेली के स्थानीय रेस्ट हाउस मैदान में आयोजित भव्य समारोह में हजारों नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में यह गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ।
उपमुख्यमंत्री के हाथों समाचार पत्र का शुभारंभ होना भास्कर पथ परिवार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही। इसे मुंगेली की क्षेत्रीय पत्रकारिता के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता की उम्मीद
विमोचन के अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मुंगेली की पत्रकारिता परंपरा की सराहना करते हुए ‘भास्कर पथ’ के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मुंगेली में पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा रही है। यहां के पत्रकारों ने हमेशा जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘भास्कर पथ’ भी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आम नागरिकों की समस्याओं को निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने लोकतंत्र में समाचार पत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
आम जनता की आवाज बनेगा ‘भास्कर पथ’
समाचार पत्र के संपादक अक्षय लहरे ने कहा कि ‘भास्कर पथ’ का उद्देश्य केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज बनना है। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं, किसानों, युवाओं, महिलाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ-साथ उनके क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। निष्पक्षता, निर्भीकता और जनहित को समाचार पत्र का मूल आधार बनाया जाएगा।
संपादक अक्षय लहरे ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा प्रथम संस्करण का विमोचन किए जाने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी टीम के लिए प्रेरणास्रोत है।

पत्रकारों की रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में भास्कर पथ के छत्तीसगढ़ स्टेट हेड असीम अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ मुंगेली एवं आसपास के क्षेत्रों के अनेक पत्रकारों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर पत्रकार अनिल सोनी, मनोज अग्रवाल, योगेश शर्मा, प्रेम आर्य, सुशील शुक्ला, जय ताम्रकर, प्रमोद पाठक, शैलेश पाठक, सुनील पाठक, डेविड बंजारा, प्रीतेश आर्य, मनुराज सोनी, फलित जांगड़े, पीताम्बर खंडे, अरविंद बंजारा, अतुल श्रीवास्तव, मनीष नामदेव, योगेश साहू, परमेश्वर कुर्रे, दिलीप साहू, अविनाश कुलमित्र एवं भास्कर पथ के जिला प्रतिनिधि लवजीत सिंह सलूजा उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दी शुभकामनाएं
विमोचन समारोह में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू सहित श्रीकांत पाण्डेय, गौरीशंकर कश्यप (गरियाबंद), रामकमल सिंह, गिरीश शुक्ला, दीनानाथ केशरवानी, भवानी साव, रामलाल साव ट्रस्ट अध्यक्ष विनय गुप्ता, संजय वर्मा, जयप्रकाश मिश्रा, आशीष मिश्रा, अमितेश आर्य, नितेश भारद्वाज, राम डिंडोरे गुरुजी, यूसुफ उपलेटा, मोहन मल्लाह, देवचरण भास्कर, उमाशंकर साहू, जीतू दावड़ा, राजा तम्बोली, कोटु दादवानी एवं जयपाल साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
जनसरोकारों को प्राथमिकता देने का संकल्प
‘भास्कर पथ’ का प्रथम संस्करण क्षेत्रीय पत्रकारिता में नई शुरुआत का प्रतीक है। समाचार पत्र परिवार ने संकल्प लिया है कि मुंगेली सहित पूरे छत्तीसगढ़ के जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। विकास कार्यों, सामाजिक गतिविधियों, जनसमस्याओं और उपलब्धियों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिवस पर प्रथम संस्करण का विमोचन ‘भास्कर पथ’ की पत्रकारिता यात्रा का यादगार आगाज बना। अब समाचार पत्र के सामने जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता की मिसाल कायम करने की चुनौती और अवसर दोनों हैं।

The News Related To The News Engaged In The Chhattisgarh Times News Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
