ऑपरेशन बाज के तहत मुंगेली पुलिस की कार्रवाई, 24 बीयर के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली, 16 अप्रैल। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में की गई।



पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में अवैध रूप से शराब परिवहन और बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने रायपुर रोड बायपास के पास घेराबंदी कर एक क्रेटा वाहन (क्रमांक सीजी 28 आर 9600) को रोका। जांच के दौरान वाहन में भारी मात्रा में बीयर रखकर परिवहन किया जा रहा था।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान समर्थ जायसवाल (44 वर्ष), पिता संजय जायसवाल, निवासी नेहरू नगर बिलासपुर हाल मुकाम पुलपारा मुंगेली एवं सूरज ठाकुर (34 वर्ष), पिता स्व. राजेश ठाकुर, निवासी विनोबानगर मुंगेली के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बार संचालन की आड़ में अवैध रूप से शराब तस्करी कर बिक्री के उद्देश्य से परिवहन करते पाए गए।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 24 नग सिम्बा कंपनी की बीयर (15.600 बल्क लीटर) कीमती 4,800 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त करीब 12 लाख रुपये मूल्य की कार जब्त की है। इस मामले में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 136/26 धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को 15 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, सहायक उप निरीक्षक भानुप्रताप बर्मन, साइबर सेल टीम एवं सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब एवं नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!