ब्रेकिंग न्यूज

आखिर क्यों नहीं थम रहा आवेदनों का सिलसिला?

जनदर्शन, समाधान शिविर और जनसमस्या निवारण कैंप के बाद भी क्यों नहीं कम हो रहीं जनता की परेशानियां?

मुंगेली।
सरकार जनता की समस्याओं को सुनने और उनका त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से लगातार समाधान शिविर, जनसमस्या निवारण शिविर और हर मंगलवार जनदर्शन जैसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, आवेदन दिए जाते हैं, अधिकारियों द्वारा सुनवाई होती है और हर बार यह जानकारी सामने आती है कि —

“आज इतने आवेदन प्राप्त हुए, संबंधित विभागों को निराकरण के निर्देश दिए गए।”

सरकार और प्रशासन की मंशा भी यही रहती है कि इन शिविरों और जनदर्शन के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो, आवेदनों की संख्या कम हो और जनता संतुष्ट एवं खुश रहे।

लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा हो रहा है कि —

क्या वास्तव में समस्याओं का स्थायी समाधान हो पा रहा है?

अगर निराकरण हो रहा है तो फिर आवेदन लगातार बढ़ क्यों रहे हैं?

अगर सिर्फ हर मंगलवार होने वाले जनदर्शन की बात करें तो औसतन 100 आवेदन आने की बात सामने आती है। यानी महीने भर में लगभग 400 आवेदन। वहीं अलग-अलग विभागों द्वारा लगाए जा रहे समाधान शिविर, विशेष अभियान और जनसमस्या निवारण कैंप को जोड़ दिया जाए तो यह संख्या हर महीने हजारों तक पहुंच जाती है।

ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर समस्याएं खत्म क्यों नहीं हो रहीं?

गांव से शहर तक लगभग एक जैसी समस्याएं

कहीं बिजली की परेशानी, कहीं पानी की समस्या, कहीं अधूरी सड़कें, कहीं राशन कार्ड, पेंशन और राजस्व प्रकरणों की फाइलें महीनों से लंबित पड़ी हैं।

कई लोगों का कहना है कि वे एक ही समस्या को लेकर कई बार आवेदन दे चुके हैं। हर बार उन्हें आश्वासन मिलता है —
“कार्यवाही होगी… जांच होगी… जल्द निराकरण किया जाएगा…”

लेकिन जमीन पर हालात में ज्यादा बदलाव नजर नहीं आता।

यही कारण है कि अब आवेदन देना लोगों की मजबूरी बनता जा रहा है।

क्या आवेदन लेना ही उपलब्धि बन गया है?

आज हर शिविर और जनदर्शन के बाद यह बताया जाता है कि कितने आवेदन आए, कितने विभागों को भेजे गए और कितनों को निर्देश दिए गए।

लेकिन बहुत कम बार यह सामने आता है कि —

कितने मामलों का स्थायी समाधान हुआ?

कितने लोग दोबारा उसी समस्या को लेकर पहुंचे?

कितनी शिकायतें सिर्फ कागजों तक सीमित रह गईं?


जनता के बीच यही चर्चा अब आम होती जा रही है कि आवेदन तो हर सप्ताह लिए जा रहे हैं, लेकिन समस्याएं जड़ से खत्म कब होंगी?

बदल गई है जनता की सोच

एक समय था जब किसी विवाद या परेशानी के बाद लोग कहते थे —
“थाने में देख लूंगा…”
या
“कोर्ट में केस करूंगा…”

लेकिन अब गांव और शहरों में एक नई लाइन सुनाई देने लगी है —

“जनदर्शन में आवेदन लगा दूंगा…”

यह बदलाव बताता है कि लोगों को अब हर समस्या का पहला रास्ता आवेदन और शिविर ही नजर आने लगा है।

हालांकि सरकार की मंशा पर सवाल नहीं उठाए जा सकते, क्योंकि लगातार शिविर लगाकर जनता तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। लेकिन अगर हर महीने हजारों आवेदन जमा हो रहे हैं, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था के लिए आत्ममंथन का विषय भी बनता जा रहा है।

क्या सिर्फ शिविर लगाने से होगा समाधान?

विशेषज्ञों और आम लोगों का मानना है कि सिर्फ आवेदन लेना ही पर्याप्त नहीं है।
जब तक विभागीय स्तर पर समयबद्ध, पारदर्शी और स्थायी निराकरण नहीं होगा, तब तक हर मंगलवार जनदर्शन में नई भीड़ और नए आवेदन दिखाई देते रहेंगे।

जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ऐसा समाधान चाहती है जिससे उसे बार-बार आवेदन लेकर दफ्तरों और शिविरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

अब जनता जवाब चाहती है…

लोग अब यह जानना चाहते हैं कि —

समस्याएं आखिर कब खत्म होंगी?

कितने लोगों को स्थायी राहत मिली?

और वह दिन कब आएगा जब जनदर्शन में आने वाले आवेदनों की संख्या कम होने लगेगी?


क्योंकि किसी भी व्यवस्था की असली सफलता सिर्फ आवेदन लेने में नहीं, बल्कि समस्याओं को जड़ से खत्म करने में होती है।

और शायद यही वजह है कि आज जनता के बीच सबसे बड़ा सवाल यही बन चुका है —

“आखिर आवेदन कम कब होंगे?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!