
मिट्टी मिश्रित रेत से निर्माण का आरोप, स्थानीय लोगों ने जताई नाराज़गी
मुंगेली। नगर पालिका क्षेत्र के जवाहर वार्ड में चल रहे नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय नागरिकों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। वार्डवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है तथा रेत में अत्यधिक मिट्टी मिली हुई है, जिससे निर्माण की मजबूती प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

इस पूरे मामले में जब नगर पालिका परिषद मुंगेली के इंजीनियर प्रतीक पाण्डेय से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फ़ोन नहीं उठाया
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नाली की नींव ही कमजोर होगी तो भविष्य में निर्माण टिकाऊ कैसे रहेगा। नागरिकों ने आशंका जताई कि बारिश के मौसम में नाली क्षतिग्रस्त हो सकती है और इससे शासन की राशि का दुरुपयोग होगा।
वार्डवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य का ठेका बाहरी ठेकेदार को दिया गया है, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर निगरानी और जवाबदेही कमजोर दिखाई दे रही है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से निर्माण सामग्री की जांच कराने तथा गुणवत्ता के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सबसे महत्वपूर्ण है। यदि समय रहते जांच नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
नागरिकों की प्रमुख मांगें:
* निर्माण सामग्री की तत्काल जांच
* तकनीकी अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण
* गुणवत्ता मानकों के अनुसार कार्य
* दोषी पाए जाने पर ठेकेदार पर कार्रवाई


