ब्रेकिंग न्यूज

मुंगेली में लोक शिक्षण संचालनालय के आदेश पर जिला शिक्षा अधिकारी का पत्र भारी, अब IPL मैच नहीं देख पाएंगे मेधावी छात्र

राज्य सरकार के इनाम से वंचित हुए बोर्ड टॉपर छात्र

मुंगेली। छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में मेरिट में आए विद्यार्थियों को 10 मई 2026 को आयोजित IPL मैच दिखाने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षक के साथ रायपुर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा था।



लेकिन मुंगेली जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी एक अन्य पत्र ने पूरे मामले को बदल दिया। जिला शिक्षा अधिकारी ने उसी दिन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को “सुशासन शिविर” में उपस्थित कराने का आदेश जारी कर दिया। यह कार्यक्रम 10 मई 2026 को दोपहर 12 बजे से आयोजित होना तय किया गया है, जबकि IPL मैच रायपुर में होना है।

ऐसे में अब मेरिट में आए छात्र-छात्राएं राज्य सरकार द्वारा दिए गए विशेष इनाम स्वरूप IPL मैच देखने से वंचित हो सकते हैं। शिक्षा विभाग के दो अलग-अलग आदेशों ने विद्यार्थियों और पालकों को असमंजस में डाल दिया है।



जानकारी के अनुसार, लोक शिक्षण संचालनालय ने साफ निर्देश दिए थे कि मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षक के साथ रायपुर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने उन्हीं विद्यार्थियों को स्थानीय कार्यक्रम में अनिवार्य उपस्थिति के निर्देश दे दिए।

इस पूरे मामले को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर विद्यार्थियों को प्राथमिकता किस कार्यक्रम को दी जाए। पालकों का कहना है कि राज्य सरकार की ओर से बच्चों को सम्मान और प्रोत्साहन देने के लिए IPL मैच दिखाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन जिला स्तर पर जारी आदेश ने बच्चों की खुशी पर पानी फेर दिया।

वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि बिना समन्वय के जारी किए गए आदेशों का खामियाजा आखिर विद्यार्थियों को क्यों भुगतना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!