ब्रेकिंग न्यूज

मरवाही के जंगलों में दिखा दुर्लभ सफेद भालू, ग्रामीणों में कौतूहल और दहशत

मरवाही। मरवाही वनमंडल के जंगलों में इन दिनों एक दुर्लभ एल्बिनो (सफेद) भालू के दिखाई देने से ग्रामीणों में उत्सुकता के साथ दहशत का माहौल भी बना हुआ है। आमादांड गांव के आसपास सफेद रंग के भालू को देखे जाने के बाद बड़ी संख्या में लोग उसे देखने पहुंच रहे हैं। कई लोग मोबाइल से उसकी तस्वीरें और वीडियो बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे खतरा बढ़ गया है।

जानकारी के अनुसार, सफेद भालू ने स्थानीय निवासी लल्लू ड्राइवर पर अचानक हमला कर दिया। इस घटना में उसके हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहली बार पूरी तरह सफेद रंग का भालू देखा गया है। सामान्यतः काले भालू दिखाई देते हैं, ऐसे में इस दुर्लभ वन्यजीव को देखने लोगों की भीड़ उमड़ रही है। हालांकि वन विभाग ने लोगों से जंगल में सतर्कता बरतने और भालू के करीब न जाने की अपील की है।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार यह कोई अलग प्रजाति नहीं है, बल्कि “एल्बिनिज्म” नामक जीन संबंधी परिवर्तन का मामला है। इस स्थिति में शरीर में रंग बनाने वाला पिगमेंट कम या पूरी तरह अनुपस्थित हो जाता है, जिसके कारण जानवर का रंग सफेद दिखाई देता है।

घटना के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर है। वन अमला लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहा है और ग्रामीणों को जंगल की ओर अकेले न जाने तथा वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!