
मुंगेली। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर दवा दुकानों के बंद रहने की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की तैयारी कर ली है। इसके तहत जिले में संचालित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स तथा आपातकालीन मेडिकल स्टोर्स की हेल्पलाइन सूची जारी की गई है।

जारी सूची में मुंगेली जिला अस्पताल परिसर, लोरमी, पथरिया और सरगांव स्थित जन औषधि केंद्रों के मोबाइल नंबर शामिल किए गए हैं, ताकि जरूरतमंद मरीज सीधे संपर्क कर सकें। इसके अलावा धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स की जानकारी भी साझा की गई है, जहां कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध रहेंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन स्थिति में दवा उपलब्धता हेतु निजी मेडिकल स्टोर्स और अस्पताल परिसर में संचालित फार्मेसी के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, जरूरत पड़ने पर जारी नंबरों पर संपर्क कर दवाएं प्राप्त की जा सकती हैं।
जिला प्रशासन ने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी की जा रही है।



