
मुंगेली। युवा कांग्रेस के आगामी संगठनात्मक चुनावों को लेकर जिले में प्रेस वार्ता आयोजित कर चुनाव प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत की गई। प्रेस वार्ता में संगठन चुनाव से जुड़े दिशा-निर्देश, पात्रता, नामांकन प्रक्रिया और शुल्क संरचना की विस्तृत जानकारी दी गई।
जोनल एवं रीजनल ऑफिसर नरेंद्र कुमार एडवोकेट ने बताया कि संगठनात्मक चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 मई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जो 13 जून 2026 तक चलेगी। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना नामांकन प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव में भाग लेने के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। इसके लिए अभ्यर्थी का जन्म 28 मई 1990 से 29 मई 2008 के बीच होना चाहिए।
नामांकन के दौरान अभ्यर्थियों को आयु एवं पहचान प्रमाण के रूप में ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट अथवा 10वीं की अंकसूची प्रस्तुत करनी होगी। साथ ही मतदाता पहचान पत्र जमा करना अनिवार्य रहेगा। उम्मीदवारों को अपने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी स्पष्ट रूप से देनी होगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को शुल्क रियायत प्राप्त करने के लिए वैध जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
नामांकन शुल्क इस प्रकार निर्धारित किया गया है—
• जिला अध्यक्ष : सामान्य वर्ग 7,500 रुपये, आरक्षित वर्ग 3,000 रुपये
• जिला महासचिव : सामान्य वर्ग 3,000 रुपये, आरक्षित वर्ग 1,500 रुपये
• विधानसभा अध्यक्ष : सामान्य वर्ग 1,000 रुपये, आरक्षित वर्ग 500 रुपये
• ब्लॉक अध्यक्ष : सामान्य वर्ग 150 रुपये, आरक्षित वर्ग 100 रुपये
नरेंद्र कुमार ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर नामांकन एवं शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में आत्मा सिंह क्षत्रिय, दीपक गुप्ता, दिलीप बंजारा, लक्ष्मीकांत भास्कर, राजेश छैदईया, नरेश पाटले, जित्तू श्रीवास्तव, इंद्रजीत कुर्रे, विष्णु खांडे, महीतोष बंजारा, नीरज यादव और योगेश्वर सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने संगठन चुनाव को पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई।


