आत्मा सिंह समर्थकों के साथ तिल्दा थाने के घेराव में हुए शामिल, किसानों के समर्थन में बुलंद की आवाज

तिल्दा-नेवरा। अल्दा, देवरी और घुलघुल क्षेत्र में किसानों की जमीन पर कथित अवैध कब्जा, फर्जी एनओसी के जरिए भूमि हस्तांतरण तथा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के आरोपों को लेकर सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में तिल्दा-नेवरा थाने का घेराव किया गया। इस आंदोलन में प्रदेश किसान कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री (प्रशासनिक) आत्मा सिंह क्षत्रिय अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए।

धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने किसानों की जमीन की सुरक्षा, अवैध कब्जों की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

इस अवसर पर आत्मा सिंह क्षत्रिय ने कहा कि किसानों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसानों की जमीन पर अवैध कब्जा और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से अनियमितताएं हुई हैं तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी।

प्रदर्शन के दौरान किसानों की समस्याओं के समाधान, अवैध कब्जों की जांच तथा क्षेत्र में प्रस्तावित स्पंज आयरन प्लांट के संबंध में ग्रामीणों की सहमति को प्राथमिकता देने की भी मांग की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!