ब्रेकिंग न्यूज

शिक्षा विभाग का बड़ा प्रशासनिक फैसला, नेमीचंद भास्कर बने प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी

19 वर्षों के अनुभव को मिला नया दायित्व, शिक्षकों व शिक्षा जगत में खुशी का माहौल

मुंगेली। शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय दाऊपारा में शैक्षिक समन्वयक के रूप में कार्यरत नेमीचंद भास्कर को मुंगेली विकासखंड का प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) नियुक्त किया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के बाद शिक्षकों, शैक्षिक समन्वयकों एवं शिक्षा विभाग में खुशी का माहौल है। शिक्षक साथियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने वाला कदम बताया है।

जानकारी के अनुसार, मुंगेली विकासखंड में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी का पद पिछले कई महीनों से रिक्त था, जिससे प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। विभाग ने अनुभवी एवं कार्यकुशल शिक्षक नेमीचंद भास्कर को यह जिम्मेदारी सौंपकर रिक्त पद की पूर्ति की है।

नेमीचंद भास्कर शिक्षा विभाग में लगभग 19 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने प्राथमिक शिक्षक से अपने सेवाकाल की शुरुआत की और बाद में प्रभारी प्रधान पाठक के रूप में भी सफलतापूर्वक दायित्व निभाया। उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें उत्कृष्ट प्रधान पाठक सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।

वर्तमान नियुक्ति से पहले वे मिडिल स्कूल पालचुवा में पदस्थ रहते हुए मुंगेली विकासखंड के शैक्षिक समन्वयक के रूप में कार्य कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों के मार्गदर्शन, नवाचारों को बढ़ावा देने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन और शैक्षणिक गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

शैक्षणिक जिम्मेदारियों के अलावा वे शालेय शिक्षक संघ में जिला संगठन सचिव के रूप में भी सक्रिय रहे हैं और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान तथा संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।

शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि उनकी नियुक्ति से विकासखंड स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी, विद्यालयों की मॉनिटरिंग बेहतर होगी और शिक्षा की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।

नियुक्ति की सूचना मिलते ही शिक्षक संघ, शैक्षिक समन्वयकों, विद्यालय परिवार एवं शुभचिंतकों ने नेमीचंद भास्कर को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मुंगेली विकासखंड शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!