
कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति से मुंगेली का नाम किया रोशन
मुंगेली। भिलाई के एसएनजी स्कूल ऑडिटोरियम में आयोजित अंतर-विद्यालयीन एवं ओपन नेशनल प्रतियोगिता ‘स्वरंगना 2K26’ का भव्य समापन हुआ। 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस तीन दिवसीय ऑल इंडिया प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभावान कलाकारों ने विभिन्न कलात्मक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

छत्तीसगढ़ के भिलाई में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मुंगेली की माही (अंकिता) पाठक ने अपनी उत्कृष्ट नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। माही की इस उपलब्धि से उनके परिजनों के साथ ही मुंगेली क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।

जी.आर. डांस स्टूडियो द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मंच पर डांस, सिंगिंग, इंस्ट्रूमेंटल एवं ड्राइंग जैसी विभिन्न विधाओं में क्लासिकल एवं नॉन-क्लासिकल श्रेणियों के तहत प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। माही पाठक ने कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर निर्णायकों एवं दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
माही की इस शानदार उपलब्धि पर उनके पापा सतीश पाठक राजू, मम्मी स्वीटी पाठक सहित पूरे पाठक परिवार ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। बड़े पापा सुनील पाठक एवं बड़ी मम्मी रजनी पाठक ने बताया कि माही को शुरू से ही नृत्य, चित्रकला सहित विभिन्न कलात्मक विधाओं में विशेष रुचि रही है। अपनी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करना पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय है।
भिलाई में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा माही को प्रथम स्थान का प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह (ट्रॉफी) प्रदान कर सम्मानित किया गया। माही (अंकिता) की इस गौरवमयी सफलता पर परिजनों, शुभचिंतकों एवं मुंगेली के कला प्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


