सरगांव में गूंजा ‘जात-पात के करव बिदाई, छत्तीसगढ़िया भाई-भाई’ का नारा

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना व जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी का सदस्यता अभियान जारी

मुंगेली। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी जिला मुंगेली द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान एवं सेनानी जुड़ाव कार्यक्रम के तहत रविवार 4 अक्टूबर को पथरिया ब्लॉक के सरगांव में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। इस दौरान “जात-पात के करव बिदाई, छत्तीसगढ़िया भाई-भाई” के नारों से सरगांव गूंज उठा।

कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ के उद्योगों, फैक्ट्रियों, निजी क्षेत्र एवं शासकीय संस्थानों में प्रदेश के पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार के अवसर और प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के जल, जंगल, जमीन, बोली, भाषा एवं संस्कृति की रक्षा करना प्रत्येक छत्तीसगढ़िया का अधिकार और जिम्मेदारी है।

वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता और स्थानीय अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़िया समाज को जात-पात से ऊपर उठकर एकजुट होने की आवश्यकता है। संगठन ने अपने संघर्ष को शहीद वीर नारायण सिंह, गुण्डाधुर, राजा गुरु बालकदास, राजमोहनी देवी, बिलासा दाई एवं डॉ. खूबचंद बघेल के विचारों और संघर्ष से प्रेरित बताया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना मुंगेली के जिला अध्यक्ष योगेश साहू, जिला संयोजक नेमचंद साहू, जिला सह संयोजक रोशन साहू, जिला उपाध्यक्ष एवं खड़ प्रभारी रिंकू यादव, जिला मंत्री शिवकुमार, मुंगेली शहर उपाध्यक्ष सुनील भईया, पथरिया खड़ अध्यक्ष राहुल साहू एवं राजाराम कुर्रे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सदस्यता अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!