
मुंगेली। लोरमी क्षेत्र में किसानों को सरकारी निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर यूरिया खाद बेचे जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिला किसान कांग्रेस कमेटी मुंगेली ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), लोरमी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी कृषि केंद्र के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार, ग्राम सरईपतेरा निवासी किसान लखन लाल कश्यप ने शिकायत में बताया कि 1 जुलाई 2026 को वे लोरमी स्थित एक कृषि केंद्र से यूरिया खाद खरीदने पहुंचे थे। आरोप है कि उनसे प्रति बोरी यूरिया के लिए 620 रुपये वसूले गए, जबकि सरकार द्वारा निर्धारित विक्रय मूल्य इससे काफी कम है। किसान ने जब अधिक कीमत वसूलने का विरोध किया तो कथित रूप से कहा गया कि इसी दर पर खाद मिलेगी, अन्यथा खाद नहीं दी जाएगी।
शिकायत में किसान ने इसे यूरिया खाद की कालाबाजारी बताते हुए प्रशासन से दोषी कृषि केंद्र के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और किसानों को सरकारी निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। आवेदन में घटना के समय मौजूद दो प्रत्यक्षदर्शियों का भी उल्लेख किया गया है।
जिला किसान कांग्रेस कमेटी ने कहा है कि किसानों के साथ इस प्रकार का आर्थिक शोषण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। संगठन ने प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों के हित में आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान उपस्थित रहे:
आत्मा सिंह क्षत्रिय, विद्यानंद चंद्राकर, लखन कश्यप, नितेश पाठक, रामशरण खांडेकर, पुरुषोत्तम मार्को, जाकिर खान लक्ष्मीनारायण जायसवाल, प्रकाश वैष्णव, निलेश कश्यप, दिलीप साहू, अमित खत्री, छोटे लाल, राजेश, राकेश, लालाराम साहू, भागवत, सोहन एवं नागेन्द्र कुमार।


