
रायपुर। प्रदेश के 194 नगरीय निकायों में करीब ढाई वर्षों से रिक्त पड़े एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) पदों पर नियुक्ति को लेकर एक बार फिर उम्मीदें बढ़ गई हैं। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के हालिया बयान के बाद संकेत मिले हैं कि नियुक्ति प्रक्रिया तेज हो चुकी है और जल्द ही सूची जारी की जा सकती है।
प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के बाद से अब तक नगरीय निकायों में एल्डरमैनों की नियुक्ति नहीं हो सकी है। जबकि पूर्व में सरकार गठन के कुछ माह के भीतर ही इन पदों पर नियुक्ति की परंपरा रही है। लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अब मंत्री के बयान के बाद नई उम्मीद मिली है।
नगरीय निकाय अधिनियम के तहत नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में निर्धारित संख्या में एल्डरमैन नियुक्त किए जा सकते हैं। प्रदेश में वर्तमान में 194 नगरीय निकाय हैं और अनुमान है कि 700 से अधिक मनोनीत पार्षदों की नियुक्ति की जा सकती है। इसे भाजपा संगठन के लिए भी एक महत्वपूर्ण राजनीतिक अवसर माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि एल्डरमैन नियुक्ति के माध्यम से संगठन उन कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी और सम्मान दे सकता है, जिन्होंने चुनावी एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई है। यही कारण है कि प्रदेशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं की निगाहें अब सरकार के अंतिम निर्णय पर टिकी हुई हैं।
सूत्रों के अनुसार नियुक्ति प्रक्रिया की शुरुआत नगर निगमों और बड़ी नगर पालिकाओं से की जा सकती है। इसके बाद नगर पंचायतों के लिए सूची जारी होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि पिछले कई महीनों से नगरीय प्रशासन विभाग स्तर पर संभावित नामों को लेकर मंथन जारी था, लेकिन अंतिम निर्णय नहीं हो पाया था।
एल्डरमैन पद का स्थानीय निकायों में विशेष महत्व माना जाता है। मनोनीत पार्षद परिषद की बैठकों में भाग लेते हैं तथा विभिन्न समितियों में अपनी भूमिका निभाते हैं। हालांकि उन्हें मतदान का अधिकार नहीं होता, लेकिन स्थानीय विकास योजनाओं और नीतिगत चर्चाओं में उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी रहती है।
प्रदेश में कुल नगरीय निकाय : 194
संभावित एल्डरमैन नियुक्तियां : 700 से अधिक
नियुक्ति की संभावित शुरुआत : नगर निगम एवं बड़ी नगर पालिकाएं
पद रिक्त रहने की अवधि : करीब ढाई वर्ष
नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर सरकार के संकेत : जल्द सूची जारी होने की संभावना


