
मुंगेली में कांग्रेस की प्रेस वार्ता, पूर्व विधायक ममता चंद्राकर ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
मुंगेली। महिला आरक्षण को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक बहस के बीच मुंगेली में कांग्रेस ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक ममता चंद्राकर ने भाजपा पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर “भ्रम फैलाने” का आरोप लगाया।
ममता चंद्राकर ने कहा कि भाजपा यह गलत प्रचार कर रही है कि कांग्रेस और विपक्ष ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन नहीं किया, जबकि सच्चाई इसके विपरीत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण को लेकर सरकार की नीयत साफ नहीं है।
उन्होंने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 (128वां संविधान संशोधन) संसद के दोनों सदनों से पारित होकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी के बाद कानून बन चुका है, लेकिन इसे लागू करने में देरी की जा रही है। कांग्रेस का सवाल है कि जब कानून बन चुका है तो इसे तुरंत प्रभाव से लागू क्यों नहीं किया जा रहा।
चंद्राकर ने आरोप लगाया कि 16 अप्रैल 2026 को केंद्र सरकार द्वारा लाया गया 131वां संविधान संशोधन विधेयक महिला आरक्षण से सीधे जुड़ा नहीं था, बल्कि इसके जरिए परिसीमन और सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि लोकसभा सीटों को 850 तक बढ़ाने और परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने का प्रस्ताव सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि जब 2026-27 की नई जनगणना प्रस्तावित है, तो पुराने आंकड़ों के आधार पर परिसीमन क्यों किया जा रहा है। कांग्रेस की मांग है कि बिना परिसीमन के भी वर्तमान सीटों में 33% महिला आरक्षण तुरंत लागू किया जा सकता है।
कांग्रेस ने अपने ऐतिहासिक रुख को दोहराते हुए कहा कि महिलाओं को पंचायत और नगरीय निकायों में आरक्षण देने की पहल पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और बाद में पी.वी. नरसिम्हा राव की सरकारों ने की थी। वहीं संसद और विधानसभा में आरक्षण के लिए डॉ. मनमोहन सिंह सरकार ने भी प्रयास किए थे।
इस अवसर पर पंडरिया विधानसभा की पूर्व विधायक ममता चंद्राकर, जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा, संजीत बनर्जी, मायारानी सिंह, जागेश्वरी वर्मा, उर्मिला यादव, दीपक गुप्ता, अभिलाष सिंह, खुशबू वैष्णव, बिंदु यादव, शकीरा, ललिता सोनी, अनिता विश्वकर्मा, जाहिदा बेगम, निधि पौराणिक, वैशाली सोनी, आराधना तिवारी, साधना वर्मा, मनोरमा गुप्ता, ममता वर्मा तथा श्रीनिवास ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


