नए साल की खुशियां मातम में बदली: जशपुर में सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत, एक गंभीर घायल



जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नए साल की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए अंबिकापुर अस्पताल रेफर किया गया है। यह हादसा जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से जा टकराई।

तेज रफ्तार बनी मौत की वजह

जानकारी के मुताबिक, चार दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर नए साल का जश्न मनाने गए थे। देर रात लौटते समय उनकी बाइक कुनकुरी-लवाकेरा स्टेट हाईवे के समडमा गांव के पास खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 18 वर्षीय एलेन्स तिर्की (खरीबहार), 18 वर्षीय दीपसन टोप्पो (बांसाझाल), और 17 वर्षीय रोहित चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 18 वर्षीय आदित्य बड़ा (बांसाझाल) गंभीर रूप से घायल हो गया।

थाना प्रभारी की पुष्टि

तपकरा थाना प्रभारी ठाकुर खोमराज सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

नशे की आशंका पर संदेह

पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि बाइक सवार युवक नशे में थे या नहीं। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस संबंध में जानकारी मिल सकेगी।

परिजनों में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के घरों में मातम का माहौल है। नए साल के मौके पर जो खुशियां मनाने निकले थे, उनकी जिंदगी अचानक थम गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!