
बिलासपुर। सकरी क्षेत्र में लग्जरी कार और इलेक्ट्रॉनिक सामान सस्ती कीमत पर दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहचान और रिश्तेदारी का फायदा उठाकर पहले भरोसा जीता, फिर मार्केट रेट से 45 से 50 प्रतिशत कम कीमत में गाड़ियां दिलाने का लालच देकर करीब 25.93 लाख रुपये ऐंठ लिए।
पीड़ित प्रतीक कुमार सोनी, मुंगेली निवासी, टीवीएस मोटरसाइकिल कंपनी मुंगेली में मैनेजर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मुंगेली निवासी लक्ष्य सोनी ने अपनी कंपनी “बोट कंपनी” के जरिए सस्ते दाम पर कार, बाइक और इलेक्ट्रॉनिक सामान उपलब्ध कराने का दावा किया था। आरोपी ने पहले 18 लाख से अधिक कीमत वाली महिंद्रा थार को 7.60 लाख रुपये में दिलाने का झांसा दिया। रकम लेने के बाद न गाड़ी दी और न ही पैसा लौटाया।
इसके बाद आरोपी ने ज्यादा कीमत वाली कार 6.11 लाख रुपये में देने की बात कही। रकम जमा कराने के बाद कार तो मिली, लेकिन बाद में पता चला कि वाहन बैंक फाइनेंस पर निकला हुआ था।
पीड़ित के मुताबिक आरोपी ने अगस्त 2024 में एमजी हेक्टर कार केवल 12.22 लाख रुपये में दिलाने का दावा किया। अलग-अलग तारीखों में बैंक ट्रांसफर और यूपीआई के जरिए कुल 12.22 लाख रुपये दिए गए। नवंबर 2024 में गाड़ी तो मिली, लेकिन बाद में जानकारी हुई कि वह भी फाइनेंस पर थी।
आरोपी लगातार छह महीने के भीतर फाइनेंस क्लियर कराने और वाहन पूरी तरह पीड़ित के नाम कराने का भरोसा देता रहा। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कुल 25.93 लाख रुपये लेने के बावजूद केवल करीब 9.50 लाख रुपये ही गाड़ियों के भुगतान में लगाए थे। बाकी रकम मांगने पर उसने फोन उठाना बंद कर दिया।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी सोशल मीडिया और अपनी वेबसाइट के जरिए लोगों को कम कीमत में गाड़ियां और इलेक्ट्रॉनिक सामान उपलब्ध कराने का दावा करता था। सकरी पुलिस ने आरोपी लक्ष्य सोनी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


