BREAKING NEWS : पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, एक महीने में तीसरी बार बढ़े दाम, जनता पर महंगाई की नई मार

Raipur। देशभर में महंगाई से जूझ रही जनता को एक और बड़ा झटका लगा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। 23 मई 2026 को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है। लगातार तीसरी बार हुई इस वृद्धि के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।

मुंबई में पेट्रोल 108.49 रुपये और डीजल 95.02 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 105.31 रुपये और डीजल 96.98 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। इससे पहले भी कंपनियां दो बार कीमतें बढ़ा चुकी हैं। 15 मई से अब तक दिल्ली में पेट्रोल-डीजल करीब 5 रुपये प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं।

तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। युद्ध जैसे हालात के कारण क्रूड ऑयल 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम ने दावा किया है कि मौजूदा हालात में उन्हें प्रतिदिन लगभग 1000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है।

इंडस्ट्री विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 9 से 12 रुपये प्रति लीटर तक और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि केंद्र सरकार ने राहत देने के लिए एक्साइज ड्यूटी में कटौती की थी, लेकिन इसके बावजूद आम जनता को महंगाई से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!