
मुंगेली, 30 मई 2026। मुंगेली पुलिस ने नवलपुर स्थित महामाया गुड़ फैक्ट्री में हुई चोरी के मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन बाज के तहत लोरमी पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लूना और पिकअप वाहन सहित कुल 4 लाख 88 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक लोरमी हरविंदर सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस बड़ी सफलता को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम नवलपुर निवासी हेमंत कुमार कश्यप ने थाना लोरमी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बंद पड़ी महामाया गुड़ फैक्ट्री के कमरों का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने बिजली उपकरण, मोटर, स्टार्टर, लोहे का सामान समेत करीब 66 हजार रुपये की सामग्री चोरी कर ली थी।
जांच के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने 26 मई की रात फैक्ट्री में दोबारा चोरी का प्रयास करते एक आरोपी मनीष देवार को रंगे हाथों दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों कन्हैया उर्फ बोदकू देवार, शंकर देवार और असगर खान के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹28 हजार का चोरी गया सामान, एक एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल, एक लूना और एक पिकअप वाहन जब्त किया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव, यशवंत राजपूत, दयाल गवास्कर, लोकेश्वर कौशिक, चंद्रकुमार ध्रुव, राजू साहू, सीताराम बर्मन, युगल किशोर, देवीचंद नवरंग और धर्मेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस की अपील:
नागरिक अपने घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना को दें।


