ब्रेकिंग न्यूज

सुशासन तिहार में फिर बवाल: समाधान शिविर में सरपंच पर चाकू से हमला, मंच के सामने मची अफरा-तफरी

राजनांदगांव। प्रदेश सरकार के सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है। जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पलान्दूर में आयोजित समाधान शिविर के दौरान सरपंच पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।



मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में भाषण चल रहा था, तभी आरोपी जितेन्द्र यादव ने अचानक सरपंच पर हमला कर दिया। चाकू सरपंच के पेट में लगने से वे घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घायल सरपंच को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना अचानक हुई, जिससे वहां मौजूद अधिकारी और आमजन भी स्तब्ध रह गए।

गौरतलब है कि सुशासन तिहार के दौरान यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले डोंगरगढ़ के आंबेडकर भवन में आयोजित कार्यक्रम में पट्टे की मांग को लेकर पहुंचे कुछ लोगों ने हंगामा करते हुए अधिकारियों को बंधक बना लिया था। उस मामले में पुलिस ने कार्रवाई भी की थी।

लगातार सामने आ रही घटनाओं ने सुशासन तिहार कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब चाकूबाजी की इस वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!