ब्रेकिंग न्यूज

“भाजपा को कांग्रेस का तंज: सत्ता मिली, सम्मान भूल गए? मुंगेली की अनदेखी पड़ सकती है भारी”


मुंगेली। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मुंगेली जिले के वरिष्ठजनों को आयोग, निगम, मंडल एवं बोर्डों में सम्मानजनक जिम्मेदारियां दी गई थीं। उन्होंने कहा कि उस समय थानेश्वर साहू,श्याम जायसवाल, आत्मा सिंह क्षत्रिय, धनुष सेन, एजाज़ खोखर, अंबालिका साहू, रत्नावली कौशल, दुखुवा निर्मलकर और घनश्याम जोशी सहित कई कार्यकर्ताओं को दायित्व देकर उनकी मेहनत का सम्मान किया गया था।

वर्मा ने आरोप लगाया कि अप्रैल 2025 तथा हाल ही में भाजपा द्वारा जारी आयोग, निगम एवं मंडलों की नियुक्ति सूची में मुंगेली जिले की पूरी तरह अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि यह तब है जब जिले से केंद्रीय राज्य मंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा विधायक पुन्नूलाल मोहले जैसे बड़े नेता हैं।

वर्मा ने आगे आरोप लगाया कि “भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र नहीं बचा है। संगठन में यदि कोई कार्यकर्ता अपनी आवाज़ उठाता है या अपनी बात रखता है, तो उसे सम्मानपूर्वक सुनने के बजाय बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है।” उन्होंने कहा कि किसी भी मजबूत संगठन की पहचान संवाद और कार्यकर्ताओं के सम्मान से होती है, न कि उनकी आवाज़ दबाने से।

उन्होंने कहा कि यदि अपने ही कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जाएगी तो उसका राजनीतिक नुकसान भाजपा को उठाना पड़ सकता है। कार्यकर्ताओं की अनदेखी सत्ता के अहंकार को दर्शाती है और इससे जमीनी स्तर पर असंतोष बढ़ना स्वाभाविक है।

वर्मा ने कहा कि भाजपा को अपने समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान और भागीदारी पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, अन्यथा इसका असर आने वाले समय में संगठन और चुनावी राजनीति दोनों पर दिखाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!