ब्रेकिंग न्यूज

राजधानी में बेखौफ बदमाश! पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट, कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल

रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही लूट, छीना-झपटी और चाकूबाजी की घटनाओं के बीच सोमवार सुबह हुई एक वारदात ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा के रायपुर दौरे और कानून व्यवस्था को लेकर चल रही समीक्षा बैठकों के बीच पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक मोबाइल स्नैचिंग की घटना का शिकार हो गए।
जानकारी के अनुसार धरमलाल कौशिक सोमवार सुबह करीब सवा आठ बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार एक बदमाश उनके पास पहुंचा और हाथ में रखा मोबाइल छीनकर फरार हो गया। घटना के समय वे अकेले थे। घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए।
पुलिस ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब गृहमंत्री विजय शर्मा राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की बैठक ले रहे हैं। इसके बावजूद शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी में अपराधियों के बढ़ते हौसलों से आम नागरिकों के साथ जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
बीते एक सप्ताह में रायपुर में लूट, मोबाइल स्नैचिंग और चाकूबाजी की करीब आठ बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में पंडरी इलाके में दिनदहाड़े एक युवक पर ब्लेड से हमला कर मोबाइल लूट लिया गया था, वहीं खरोरा क्षेत्र में हुई करीब 80 लाख रुपये की लूट के आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। लगातार बढ़ते अपराधों को लेकर शहरवासियों में डर और नाराजगी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!