
मुंगेली। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी एल्डरमैनों की सूची को लेकर मुंगेली में सियासत गरमा गई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने सूची में जिले की एक भी महिला को स्थान नहीं दिए जाने पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस का आरोप है कि महिला सम्मान और सशक्तिकरण की बात करने वाली भाजपा ने अवसर आने पर महिलाओं की अनदेखी कर अपना “असली चेहरा” सामने ला दिया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने जारी बयान में कहा कि मुंगेली जिले में अनेक योग्य, सक्रिय और सामाजिक कार्यों से जुड़ी महिलाएं होने के बावजूद किसी भी महिला को एल्डरमैन नहीं बनाया गया। यह निर्णय महिलाओं के प्रति भाजपा की नकारात्मक सोच को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मंचों पर महिला सशक्तिकरण के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जब महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने का अवसर आता है तो उन्हें पूरी तरह दरकिनार कर दिया जाता है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा के लिए महिला सशक्तिकरण केवल राजनीतिक नारा बनकर रह गया है।
कांग्रेस ने इस निर्णय को महिलाओं के साथ अन्याय बताते हुए राज्य सरकार से एल्डरमैन नियुक्तियों में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की लगातार हो रही उपेक्षा को लेकर कांग्रेस जनता के बीच इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी।
:::


