
मुंगेली।जिला प्रशासन द्वारा जारी जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव 2026 के आमंत्रण पत्र को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। कार्यक्रम 4 जुलाई को विकासखंड मुंगेली के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चकरभाठा में आयोजित होना है, लेकिन जिस ग्राम पंचायत और क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, वहां के स्थानीय जनप्रतिनिधियों के नाम आमंत्रण पत्र में शामिल नहीं किए गए हैं।

आमंत्रण पत्र में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, दोनों क्षेत्रीय विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम प्रमुखता से प्रकाशित किए गए हैं। वहीं संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य का नाम आमंत्रण सूची से पूरी तरह गायब है।
इसको लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर सरकारी कार्यक्रम आयोजित हो रहा है, वहां के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करना न केवल परंपरा बल्कि उनका अधिकार भी है। ऐसे में उनके नामों का आमंत्रण पत्र से गायब होना जिला प्रशासन की बड़ी चूक माना जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि क्या सरकारी कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा कर केवल सत्ताधारी दल के प्रमुख नेताओं को प्राथमिकता दी जा रही है? हालांकि इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
अब यह देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को महज तकनीकी त्रुटि मानकर सुधार करता है या फिर आमंत्रण सूची को लेकर उठ रहे सवालों का कोई स्पष्ट जवाब देता है।


