ब्रेकिंग न्यूज

संस्कृतभारती मुंगेली की वार्षिक बैठक संपन्न, संस्कृत के प्रचार-प्रसार का लिया संकल्प

मुंगेली।

संस्कृतभारती छत्तीसगढ़ की मुंगेली इकाई की वार्षिक बैठक रविवार को राइजिंग स्टार स्कूल में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित हुई। बैठक में जिले के संस्कृतप्रेमियों, कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार को लेकर व्यापक चर्चा की।

बैठक का मार्गदर्शन प्रांत कुटुम्ब प्रमुख दामोदर सोनी ने किया। इस दौरान विभाग संयोजक संदीप कुमार, जनपद मंत्री डॉ. रामबाबू मिश्र, बस्ती प्रमुख विजय कुमार पैंकरा, वीरबल कुमार सोनकर, सुकुली प्रमुख रामनिवास राठौर, दीपक कुमार तिवारी, काली मंदिर वार्ड बस्ती प्रमुख बुद्धेश्वर प्रसाद उपाध्याय, समाजसेवी राम सिंह परिहार, हथनीकला ठाकुर पीताम्बर सिंह ठाकुर तथा समाजसेवी आकाश सोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी वार्षिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, संस्कृत संभाषण वर्गों के विस्तार, नए कार्यकर्ताओं के निर्माण, सदस्यता अभियान को गति देने तथा जिले के प्रत्येक ग्राम एवं नगर तक संस्कृत भाषा की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

साथ ही निर्णय लिया गया कि संस्कृत को व्यवहार की भाषा बनाने के उद्देश्य से अधिकाधिक संस्कृत संभाषण वर्ग आयोजित किए जाएंगे तथा युवाओं और विद्यार्थियों को संस्कृतभारती के कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा संस्कृत भाषा के संवर्धन और प्रसार के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!